प्रेम विवाह के बाद समझौते के बहाने रची गई साजिश, युवती के कथित अपहरण से सूरत में सनसनी

प्रेम विवाह के बाद समझौते के बहाने रची गई साजिश, युवती के कथित अपहरण से सूरत में सनसनी
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2026-05-30 13:56:07

सुबह- सुबह गुजरात के सूरत से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सिंगणपोर-डभोली क्षेत्र से प्रेम विवाह करने वाली एक युवती को उसके ही परिजनों द्वारा कथित रूप से अगवा किए जाने से हड़कंप मच गया है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवती और युवक ने कुछ समय पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार प्रेम विवाह किया था। विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने बाद में समझौते का दिखावा कर दंपति का विश्वास जीतने का प्रयास किया था।

माता की मनौती पूरी करने के बहाने बुलाया

परिजनों ने माता की मनौती पूरी करने का बहाना बनाकर युवती, उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को घर बुलाया था। तय कार्यक्रम के अनुसार सभी लोग युवती के चाचा के घर पहुंचे, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया।

इसके बाद दूसरी जगह दीप प्रज्वलित करने के लिए जाने को कहा गया। इसी दौरान लौटते समय अचानक युवती को जबरन ले जाने की कोशिश की गई। आरोप है कि युवती के पति ने विरोध किया तो उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और उसे जबरन दूर कर दिया गया।

युवती को कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए

शिकायत के अनुसार, इसके बाद युवती को उसकी इच्छा के विरुद्ध लिफ्ट से नीचे लाकर कार में बैठाया गया और किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इतना ही नहीं, युवती के चाचा, दादा और बुआ पर युवक के माता-पिता को घर में रोककर धमकाने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस घटना से युवक और उसके परिवार में भय और चिंता का माहौल फैल गया।

पुलिस शिकायत के बाद कार्रवाई शुरू

घटना के बाद युवक ने तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवती के पिता समेत परिवार के कुल 6 सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सूरत पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।