Surat: ‘मेरा नेता बड़ा पैसे वाला!’—लिंबायत के बाद गोड़ादरा में भी कोटेदारों से जबरन वसूली, श्रवण जोशी समेत दो गिरफ्तार
सूरत शहर के लिंबायत और गोड़ादरा क्षेत्रों में संचालित सरकार-मान्य सस्ते अनाज (कोटा) की दुकानों से धमकी देकर पैसे वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे कार्यकर्ता श्रवण जोशी और उसके सहयोगी संपत चौधरी के खिलाफ दो अलग-अलग कोटेदारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों मामलों में सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बदनाम करने, लाइसेंस रद्द करवाने और दुकान बंद कराने की धमकी देकर जबरन पैसे वसूले जाने का आरोप लगाया गया है।
सूरत के लिंबायत पुलिस स्टेशन में पहला मुकदमा दर्ज
पहले मामले में लिंबायत क्षेत्र के शिकायतकर्ता निलेश महादुभाई मोरे (उम्र 27 वर्ष) ने बताया कि वे अपनी माता सिंधुबेन मोरे के नाम से संचालित “पंडित दीनदयाल ग्राहक भंडार” सस्ते अनाज की दुकान में ऑपरेटर के रूप में कार्य करते हैं। सरकार द्वारा लाइसेंस नंबर 973/96 के तहत संचालित इस दुकान में राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा व दर पर अनाज वितरण किया जाता है। निलेश मोरे के अनुसार, 13 अक्टूबर 2025 को श्रवण जोशी एक अन्य व्यक्ति के साथ दुकान पर आया, खुद को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताया और कालाबाजारी व कम तौल के झूठे आरोप लगाकर वीडियो बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर डाला गया। इसके बाद संपत चौधरी ने संपर्क कर हर महीने 50 हजार रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर दुकान बंद कराने व बदनाम करने की धमकी दी। लगातार दबाव के चलते 16 दिसंबर 2025 को गोडादरा आदर्श स्कूल के सामने सार्वजनिक सड़क पर संपत चौधरी को ₹1 लाख नकद दिए गए, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी शिकायतकर्ता के पास है।
सूरत के गोड़ादरा पुलिस स्टेशन में दूसरा मुकदमा दर्ज
दूसरे मामले में गोड़ादरा क्षेत्र के कमलेश मदनलाल खटीक (उम्र 47 वर्ष), जो प्रकाश नगर में स्थित सरकारी सस्ते अनाज की दुकान नंबर L/40 (अस्थायी) का संचालन करते हैं, ने भी इसी तरह के आरोप लगाए हैं। उनके नाम पर लाइसेंस नंबर 803/92 जारी है। कमलेश के अनुसार, 21 सितंबर 2025 को श्रवण जोशी और संपत चौधरी उनकी दुकान पर पहुंचे और कालाबाजारी के आरोप लगाकर दुकान का वीडियो बनाने, लाइसेंस रद्द करवाने और ताला लगवाने की धमकी दी। आरोप है कि दुकान चालू रखने के बदले हर महीने 1 लाख रुपये की मांग की गई। डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते 5 अक्टूबर 2025 को गोड़ादरा आदर्श स्कूल के पास सार्वजनिक सड़क पर संपत चौधरी को ₹80,000 नकद दिए गए, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है।
दोनों शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि श्रवण जोशी और उसका सहयोगी अन्य सस्ते अनाज दुकानदारों को भी इसी तरह धमकाकर पैसे वसूलते रहे हैं। लगातार बढ़ रही धमकियों, बदनामी और अवैध वसूली से परेशान होकर दोनों पीड़ितों ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने वीडियो साक्ष्य और गवाहों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।