Surat: लिंबायत में कोटेदार से जबरन वसूली का आरोप, श्रवण जोशी समेत दो गिरफ्तार, देखे वीडियो
सूरत शहर के लिंबायत इलाके में स्थित सरकार-मान्य सस्ते अनाज की दुकान के ऑपरेटर ने आम आदमी पार्टी से जुड़े एक कार्यकर्ता और उसके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोटेदार निलेश मोरे (उम्र 27 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बदनाम करने और दुकान बंद करवाने की धमकी देकर उनसे जबरन एक लाख रुपये वसूले गए।
फोटो: आप कार्यकर्ता संपत चौधरी कोटेदार से 1 लाख रुपए की रंगदारी लेते फोटो
निलेश मोरे ने बताया कि वे अपनी माता सिंधु मोरे के नाम से संचालित “पंडित दीनदयाल ग्राहक भंडार” सस्ते अनाज की दुकान में ऑपरेटर के रूप में कार्य करते हैं। दुकान को सरकार द्वारा लाइसेंस नंबर 973/96 के तहत अनुमति दी गई है, जहां राशन कार्ड धारकों को सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा और दर पर गेहूं, चावल, दाल, तेल, नमक और शक्कर का वितरण किया जाता है। गेहूं और चावल नि:शुल्क दिए जाते हैं, जबकि अन्य वस्तुएं तय दर पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिकायत के अनुसार, 13 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे श्रवण जोशी नामक व्यक्ति, जिसने खुद को आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताया, एक अज्ञात व्यक्ति के साथ दुकान पर पहुंचा। दोनों ने दुकान पर कालाबाजारी करने, ग्राहकों को कम अनाज देने और लाइसेंस रद्द करवाने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने मोबाइल फोन से वीडियो बनाया और ग्राहकों को भड़काने का प्रयास किया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया।
कुछ दिनों बाद संपत चौधरी नामक व्यक्ति दुकान पर आया और खुद को श्रवण जोशी का आदमी बताते हुए कहा कि अगर दुकान नियमित रूप से चलानी है तो हर महीने 50 हजार रुपये देने होंगे। पैसे नहीं देने पर सोशल मीडिया पर और वीडियो डालकर बदनाम करने और दुकान बंद करवाने की धमकी दी गई।
कोटेदार ने आगे बताया कि 19 नवंबर 2025 को जब उन्होंने श्रवण जोशी से फोन पर बात की, तो उसने स्पष्ट रूप से कहा कि जब तक पैसे नहीं दिए जाएंगे, तब तक वह इसी तरह परेशान करता रहेगा और प्रेस के साथ मिलकर दुकान का लाइव वीडियो बनवाकर हमेशा के लिए ताला लगवा देगा।
लिंबायत के कोटेदार को लगातार धमकियों और बदनामी के डर से परिचित बद्रीप्रसाद चंदेल के माध्यम से बातचीत की गई, जिसके बाद एक लाख रुपये देने पर सहमति बनी। 16 दिसंबर 2025 की रात गोडादरा क्षेत्र में आदर्श स्कूल के सामने सार्वजनिक सड़क पर संपत चौधरी को एक लाख रुपये नकद दिए गए। इस लेन-देन का वीडियो भी गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया गया।
कोटेदार का कहना है कि पैसे देने के बावजूद आगे भी परेशान किए जाने की आशंका बनी हुई है। इसी कारण उन्होंने श्रवण जोशी, संपत चौधरी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धमकी, जबरन वसूली, बदनामी और आपराधिक साजिश के आरोपों के तहत पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।