Surat: कामरेज हाईवे पर खनिज विभाग पर जानलेवा हमला, रेत से भरे डंपर की टक्कर से मची अफरा-तफरी

Surat: कामरेज हाईवे पर खनिज विभाग पर जानलेवा हमला, रेत से भरे डंपर की टक्कर से मची अफरा-तफरी
JHB TEAM JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-27 18:25:28

सूरत जिले के कामरेज के पास नेशनल हाईवे-48 पर खनिज विभाग की टीम पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। रेत से भरे एक डंपर के चालक ने खनिज विभाग की सरकारी बोलेरो गाड़ी को दो बार टक्कर मार दी, जिससे अधिकारियों की जान खतरे में पड़ गई।

पेट्रोलिंग के दौरान हुआ हमला

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सूरत जिला खनिज विभाग की टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान अहमदाबाद–मुंबई नेशनल हाईवे पर एक संदिग्ध डंपर नजर आया। खनिज विभाग की टीम ने डंपर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से भागना शुरू कर दिया। तापी नदी के पुल पर डंपर चालक ने सरकारी बोलेरो (GJ 18 GB 6192) को पहले जोरदार टक्कर मारी। वाहन से अधिकारी उतर ही रहे थे कि चालक ने दूसरी बार फिर से तेज रफ्तार में बोलेरो को टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण सरकारी बोलेरो हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गई।

कामरेज खनिज विभाग के अधिकारी बाल-बाल बचे, चालक फरार

जानकारी के मुताबिक रेत से भरे डम्परचालक गाड़ी में सवार खनिज विभाग के अधिकारी मिलन ललित लाडवा अचानक हुए इस हमले से दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।


अन्य राज्य का नंबर, लगातार तीसरी घटना

जांच में सामने आया है कि रेत से भरे डंपर पर किसी अन्य राज्य का नंबर लिखा हुआ था। उल्लेखनीय है कि सूरत जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर खनिज विभाग पर हमले या झड़प की यह तीसरी घटना है। पूरे मामले की जानकारी कामरेज पुलिस को दे दी गई है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में आगे की जांच कर रही है।