Surat: नर्मद विश्वविद्यालय में दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक होगा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महाआयोजन

Surat: नर्मद विश्वविद्यालय में दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 तक होगा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक महाआयोजन
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-11 19:44:39

वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय ने दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और सेमिनारों की विस्तृत श्रृंखला की घोषणा की है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस अवधि में ऐसे आयोजन किए जाएंगे जिनसे विद्यार्थियों की प्रतिभा, खेल क्षमता, अनुसंधान दृष्टि और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन मिलेगा।

16 से 19 दिसंबर तक गर्ल्स टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न कॉलेजों की खिलाड़ी छात्राएं भाग लेंगी। इसके बाद 20 से 23 दिसंबर तक रानी अबक्का देवी परमों युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव युवाओं की कला, संस्कृति और अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, जिसमें गायन, नृत्य, नाटक, चित्रकला सहित अनेक कार्यक्रम शामिल रहेंगे।


21 से 27 दिसंबर तक जनजातीय संस्कृति और परंपरा को समर्पित सांस्कृतिक प्रदर्शनी मेला आयोजित होगा। इसमें जनजातीय कला, हस्तकला, व्यंजन, लोकनृत्य और जीवनशैली का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।

22 से 24 दिसंबर के बीच परिचित फाउंडेशन के सहयोग से ‘गुजरात ग्लोबल एक्सपो’ का आयोजन होगा, जिसमें उद्योग, स्टार्टअप, नवाचार और कौशल विकास से जुड़े स्टॉल प्रदर्शित किए जाएंगे।

26 से 28 दिसंबर को शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षाविद और विशेषज्ञ शिक्षा, संस्कृति और शोध से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

31 दिसंबर को विश्वविद्यालय परिसर में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव दिवस मनाया जाएगा।

इसके बाद 29 से 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल और भगवान बिरसा मुंडा 52वां स्पोर्ट्स फेस्ट आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन होगा।