50 तक गिनती नहीं लिख पाई...पिता ने की बेटी की बेरहमी से हत्या
हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां, एक 4 साल की बेटी की उसके पिता ने बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि वह 50 तक गिनती नहीं लिख पाई। पुलिस ने आरोपी कलयुगी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इस मामले में बताया कि घटना के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत कहानी बनाई कि बच्ची खेलते समय सीढ़ियों से गिर गई, लेकिन जब बच्ची को अस्पताल ले जाया गया तो सच्चाई सामने आ गई।
मां ने शिकायत दर्ज कराई
जब मां अस्पताल पहुंची तो उसने बच्ची के शरीर पर कई चोटें और चेहरे पर हरे निशान देखे। तो उसे शक हुआ और उसने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-56 क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच की।
फरीदाबाद पुलिस के स्पोक्सपर्सन यशपाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खरांटिया गांव का रहने वाला कृष्ण जायसवाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव में किराए के मकान में रहता था। पति-पत्नी दोनों एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं।
4 साल की बेटी 50 तक का पहाड़ा नहीं लिख पाई तो पिता ने उसे सरिया से पीटा
पुलिस ने बताया कि कृष्ण दिन में घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था और रात में ड्यूटी पर जाता था। वह घर पर अपनी बेटी को पढ़ाता था। 21 जनवरी को उसने अपनी 4 साल की बेटी से 50 तक का पहाड़ा लिखने को कहा। जब वह पहाड़ा नहीं लिख पाई तो उसे गुस्सा आ गया और उसने मासूम बच्ची को बेलन से बुरी तरह पीटा। कलयुगी पिता की पिटाई से बच्ची बेहोश हो गई। इसके बाद कृष्ण उसे सरकारी हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को फोन करके बताया कि बच्ची सीढ़ियों से गिर गई है। पूछताछ में जुर्म कबूल किया
मां की शिकायत के बाद पुलिस ने कृष्णा को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपनी बेटी को पीटने की बात कबूल कर ली। उसने कहा कि बेटी स्कूल नहीं जाती थी और मैं उसे घर पर पढ़ाता था। जब वह गिनती नहीं लिख पाई तो मैंने अपना आपा खो दिया और उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।