DGP केबिन में 'किस' और 'हग'! कौन हैं डीजीपी रामचंद्र राव जिसके आपत्तिजनक वीडियो से कर्नाटक में मचा हड़कंप

DGP केबिन में 'किस' और 'हग'! कौन हैं डीजीपी रामचंद्र राव जिसके आपत्तिजनक वीडियो से कर्नाटक में मचा हड़कंप
JHB TEAM JHBNEWS टीम,सूरत 2026-01-20 11:46:50

बेंगलुरु: कर्नाटक के डीजीपी और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उनके कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है। रामचंद्र राव कर्नाटक में डीजीपी (नागरिक अधिकार प्रवर्तन) के पद पर तैनात थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में रामचंद्र राव को अलग-अलग महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करते देखा गया है। वीडियो सामने आते ही हंगामा मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने राव को तत्काल निलंबित करने का फैसला किया। राव अभिनेत्री रान्या राव के पिता हैं, जिन्हें पिछले साल सोने की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

हालांकि, रामचंद्र राव ने कहा कि यह वीडियो फर्जी है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के घर के बाहर मीडिया से बात करते हुए राव ने कहा, "मैं हैरान हूं। मेरा इस वीडियो से कोई लेना-देना नहीं है। आज के समय में किसी का भी ऐसा वीडियो बनाया जा सकता है और यह मेरी छवि खराब करने की साजिश है।"

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने क्या कहा?

विवाद की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा, "हम इस मामले की जांच करेंगे। मुझे इसकी जानकारी मिली है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। हम जांच करेंगे और फिर आगे की कार्रवाई करेंगे।"

गौरतलब है कि निलंबित आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव अभिनेत्री रान्या राव के पिता हैं। रान्या राव को पिछले साल सोने की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें मार्च 2025 में दुबई से लौटने पर गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 14.8 किलोग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ था। गिरफ्तारी के बाद, एजेंसियों ने बेंगलुरु के लवेल रोड पर छापा मारा और वहां से भी भारी मात्रा में संपत्ति बरामद की।