ED ने BJD नेता के घर पर मारा छापा, तिजोरियों और अलमारियों में 500 रुपये के मिले नोटों के बंडल
ओडिशा : एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट यानी ईडी (ED) ने शुक्रवार (16 जनवरी) को ओडिशा में गैर-कानूनी माइनिंग और मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी कार्रवाई की। गंजम जिले में बीजू जनता दल (BJD) के वाइस-प्रेसिडेंट और कॉन्ट्रैक्टर ऋषिकेश पाधी के घर पर छापे के दौरान करोड़ों रुपये कैश मिलने से हड़कंप मच गया है। तिजोरियों और अलमारियों में 500 रुपये के नोटों के कई बंडल देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए।
20 जगहों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन
ED ने ऋषिकेश पाधी और उनके कथित फाइनेंशियल नेटवर्क से जुड़े गंजम जिले में करीब 20 जगहों पर एक साथ छापे मारे। बरहामपुर शहर में इंडस्ट्रियलिस्ट के घरों समेत बीजीपुर, लांजीपल्ली और जयप्रकाश नगर जैसे इलाकों में जांच तेज कर दी गई है।
पानवालों और ड्राइवरों के नाम पर लाइसेंस
आपको बता दे की जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं कि रेत माफियाओं ने कानून से बचने के लिए ऑटो मालिकों, ट्रैक्टर ड्राइवरों और छोटी दुकानों वाले आम लोगों के नाम पर रेत के पट्टे ले लिए थे। उन्होंने ऋषिकुल्या, बहुदा और बड़ा नदियों के किनारों पर बड़े पैमाने पर गैर-कानूनी माइनिंग की, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों का नुकसान हुआ। इस घोटाले की गंभीरता CAG रिपोर्ट के बाद सामने आई, जिसके आधार पर ED ने 'मनी लॉन्ड्रिंग' का केस दर्ज किया है।
मिनरल माफिया और क्रिमिनल नेक्सस
ED के मुताबिक, इस पूरे खेल में कई बड़े नेता, ब्रोकर और क्रिमिनल एक्टिविटी वाले माफिया शामिल हैं। वे लोकल लोगों को डरा-धमकाकर गैर-कानूनी तरीके से मिनरल माइनिंग कर रहे थे। ED ने गंजम जिले में पहले दर्ज कई FIR के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया है। हालांकि, ED ने अभी तक जब्त कैश की सही रकम के बारे में कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, रकम बहुत बड़ी हो सकती है। जांच टीम अभी कैश और दूसरे डॉक्यूमेंट्स के सोर्स की जांच कर रही है।