राजस्थान में ट्रक-कार की भीषण टक्कर में एक ही परिवार की 6 महिलाओं की मौत, उड़े कार के परखच्चे
राजस्थान में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार की 6 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। ये महिलाएं लक्ष्मणगढ़ से लौट रही थीं, तभी उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई।
यह भयानक हादसा बुधवार को फतेहपुर के हरसावा गांव के पास जयपुर-बीकानेर हाईवे पर हुआ, जब दोनों वाहन आपस में टकरा गई। इस हादसे में 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक, अर्टिगा कार एक मोड़ पर बेकाबू हो गई और पहले एक पिकअप से टकराने के बाद सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
अंतिम संस्कार से लौटते समय कार का एक्सीडेंट हुआ। कार ड्राइवर लक्ष्मणगढ़ से एक ही परिवार की 8 महिलाओं को लेकर लौट रहा था। ये महिलाएं परिवार के मामा के अंतिम संस्कार में शामिल होकर फतेहपुर लौट रही थीं। वे दोपहर 3:30 बजे निकले और 4:00 बजे फतेहपुर पहुंचे, तभी यह हादसा हुआ। परिवार के दूसरे सदस्य अलग-अलग गाड़ियों में पीछे आ रहे थे।
इस हादसे में संतोष देवी, तुलसी देवी, मोहिनी देवी, इंद्रा, आशा और चंदा नाम की महिलाओं की मौत हो गई है। घायलों को सीकर के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। मकर संक्रांति के पवित्र दिन हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।