सूरत में पतंग के मांझे ने ली 3 जानें, पिता-पुत्री और अन्य एक युवक की मौत
गुजरात : सूरत में मकरसंक्रांति का त्यौहार कई लोगो के लिए काल बनकर आया। 14 जनवरी को सूरत में पतंग के मांझे की वजह से अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की जान चली गई। शहर में एक परिवार की जान तब चली गई जब एक पिता और बेटी पुल से निचे गिर गए। जबकि अन्य एक युवक की मौत मांझे के गले में फंसने से हुई।
चंद्रशेखर आज़ाद ब्रिज पर मांझे की वजह से हुआ हादसा
सूरत में वेड रोड और अडाजन को जोड़ने वाले ब्रिज पर शाम को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। 35 साल के रेहान अपनी पत्नी और 7 साल की बेटी आयशा के साथ सुभाष गार्डन से लौट रहे थे। पतंग का मांझा अचानक ब्रिज पर गिरने से रेहान का बैलेंस बिगड़ गया। बाइक सवार तीनों लोग डिवाइडर से टकराकर ब्रिज से नीचे गिर गए। इस भयानक हादसे में रेहान और मासूम आयशा की मौके पर ही मौत हो गई। नीचे खड़े रिक्शे पर गिरने से उनकी पत्नी रेहान को गंभीर चोटें आईं और अभी उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गर्दन में मांझा फंसने से युवक की मौत
दूसरी घटना सूरत के वेसु इलाके में हुई. लाल घोड़ा इलाके में एक 23 साल का युवक अपनी बाइक से गुजर रहा था, तभी अचानक उसकी गर्दन में पतंग का मांझा फंस गया। गंभीर चोटों और बहुत ज़्यादा खून बहने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गौरतलब है कि इन घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पतंग का मांझा कितना जानलेवा हो सकता है। हालाँकि प्रशासन ने लोगो से बार-बार अपील की थी कि गाड़ी चलाते समय गर्दन को बचाना बहुत ज़रूरी है।