सूरत: गोड़ादरा में AAP की सभा से पहले बवाल, गोपाल इटालिया के पोस्टरों पर स्याही से बढ़ा तनाव

सूरत: गोड़ादरा में AAP की सभा से पहले बवाल, गोपाल इटालिया के पोस्टरों पर स्याही से बढ़ा तनाव
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2026-01-08 00:41:54

सूरत के गोड़ादरा इलाके में गुरुवार शाम 8 बजे प्रस्तावित आम आदमी पार्टी (AAP) की सार्वजनिक सभा से पहले राजनीतिक और सामाजिक तनाव गहराता नजर आ रहा है। इस सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले विधायक गोपाल इटालिया के विरोध में कई हिंदू संगठनों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। कार्यक्रम से पहले ही क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण माहौल तनावपूर्ण बन गया है।

गुरुवार शाम विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने गोड़ादरा इलाके में लगे गोपाल इटालिया के पोस्टरों पर स्याही फेंककर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारे लगाते हुए आरोप लगाया कि गोपाल इटालिया हिंदू विरोधी बयानबाजी करते रहे हैं और ऐसे नेता को वे अपने इलाके में आने नहीं देंगे। इस विरोध के दौरान कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से हालात काबू में रहे।

विवाद की मुख्य वजह आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए पोस्टर बताए जा रहे हैं। इन पोस्टरों में आमंत्रणकर्ता के तौर पर “मीठी खाड़ी मुस्लिम समाज” का नाम अंकित है, वहीं कुछ पोस्टरों में मुस्लिम टोपी पहने नेताओं की तस्वीरें भी दिखाई दे रही हैं। विरोध करने वाले संगठनों का कहना है कि जिस स्थान पर सभा आयोजित की जा रही है, वह हिंदू बहुल क्षेत्र है, ऐसे में इस तरह के पोस्टर जानबूझकर सामाजिक तनाव बढ़ाने के लिए लगाए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर विरोध और अधिक उग्र होता जा रहा है।

गोपाल इटालिया पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। वर्ष 2022 में द्वारका में एक चुनावी भाषण के दौरान उन पर भगवान श्रीकृष्ण की तुलना “राक्षसों” से करने का आरोप लगा था, जिसे लेकर व्यापक नाराजगी देखी गई थी। इसके अलावा, 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले स्वामीनारायण संप्रदाय को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने भी बड़ा विवाद खड़ा किया था।

इन सभी मुद्दों को लेकर गोड़ादरा में AAP की सभा से पहले माहौल काफी संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।