मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास 'बेस्ट बस' ने 13 लोगों को रौंदा, 4 की मौत, 9 घायल

मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास 'बेस्ट बस' ने 13 लोगों को रौंदा, 4 की मौत, 9 घायल
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-30 08:36:19

मुंबई के भांडुप में स्टेशन रोड पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक बस ने कई राहगीरों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में 3 महिलाओं समेत कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुंबई पुलिस के अनुसार यह हादसा रात करीब 9:35 बजे बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की बस से हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, BEST की बस रिवर्स लेते समय अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद राहगीरों को कुचल दिया। हादसे के बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस, मुंबई फायर ब्रिगेड और BEST की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए राजावाड़ी और एम.टी. अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों की मौत की पुष्टि की। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के दौरान बस एक बिजली के खंभे से भी टकरा गई, जिससे खंभा गिर पड़ा और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बस चालक के खिलाफ FIR की तैयारी

डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि बस चालक के खिलाफ FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। बस की मैकेनिकल और तकनीकी जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

दुर्घटना में शामिल मध्यम आकार की बस ‘वेट लीज’ मॉडल के तहत ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक से ली गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय BEST का ही चालक बस चला रहा था। दुर्घटना के एक घंटे बाद तक BEST के किसी भी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

एक वरिष्ठ सिविक अधिकारी ने बताया कि इस साल की शुरुआत में भांडुप स्टेशन से संजय गांधी नेशनल पार्क तक, घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरने वाले मार्गों पर मिनी बसों को हटा लिया गया था। बसों की कमी के चलते BEST ने सीमित टर्निंग रेडियस जैसी परिचालन समस्याओं के बावजूद भांडुप स्टेशन के रूट्स पर ओलेक्ट्रा की मिडी बसें शुरू की थीं।