आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, केरल जा रही टाटा एर्नाकुलम एक्सप्रेस में लगी आग, एक की मौत

आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, केरल जा रही टाटा एर्नाकुलम एक्सप्रेस में लगी आग, एक की मौत
khushbu Rajput JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-29 13:36:05

आंध्र प्रदेश : झारखंड के टाटानगर से केरल जा रही टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आंध्र प्रदेश के अनकापल्ले के पास भीषण आग लग गई। AC कोच में लगी आग में ट्रेन के दो कोच पूरी तरह जल गए। हादसे में एक पैसेंजर की मौत हो गई, जबकि बाकी पैसेंजर को सुरक्षित निकाल लिया गया।

कैसे हुआ हादसा?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब ट्रेन अनकापल्ले जिले के एलामंचिली स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तो अचानक AC कोच से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखीं। ट्रेन से आग निकलती देख पायलट ने तुरंत ट्रेन को एलामंचिली स्टेशन पर रोक दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। आग ट्रेन के B1, B2 और M1 कोच तक फैल गई। रेलवे स्टाफ ने तुरंत दूसरे कोच को जलते हुए कोच से अलग किया।

अनकापल्ली के पुलिस सुपरिटेंडेंट तुहिन सिन्हा ने कन्फर्म किया कि जले हुए कोच से एक व्यक्ति का शव मिला है। मरने वाले की अभी पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, रेलवे ने अपने ऑफिशियल बयान में दावा किया है कि सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है, जो बॉडी मिलने के दावे को गलत साबित करता है।

रेस्क्यू ऑपरेशन और जांच

रेस्क्यू ऑपरेशन परवाड़ा DSP विष्णु स्वरूप और NTR टीम की देखरेख में किया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रेलवे ने आग लगने की सही वजह का पता लगाने के लिए एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई है। शुरुआती शक है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।

चलती ट्रेन में आग लगने से पैसेंजर में भारी भगदड़ और घबराहट फैल गई। कई पैसेंजर अपना सामान छोड़कर जान बचाने के लिए ट्रेन से कूद गए। रेलवे ने प्रभावित पैसेंजर के लिए दूसरे इंतज़ाम किए हैं।