कटरा : माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए नियमों में बड़ा बदलाव, एक क्लिक में जाने पूरी जानकारी
कटरा : जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। नव वर्ष में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने नियमों में बदलाव किया है। अब आरएफआईडी कार्ड जारी होने के 24 घंटे के भीतर वापस लौटना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही, यात्रा को 10 घंटे के भीतर पूरा करना भी जरूरी है। ये नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
यात्रा में केवल RFID Card वाले तीर्थयात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी
माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। मंगलवार को माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। इस बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया। आरएफआईडी कार्ड (RFID Card) के माध्यम से यात्रा के सख्त नियमों पर जोर दिया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि केवल वैध आरएफआईडी कार्ड धारक तीर्थयात्रियों को ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।
श्रद्धालु रात 12 बजे तक आरएफआईडी कार्ड (RFID Card) प्राप्त कर सकेंगे
अब श्रद्धालु कटरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित यात्रा पंजीकरण केंद्र से रात 12 बजे तक आरएफआईडी कार्ड (RFID Card) प्राप्त कर सकेंगे। पहले यह सुविधा रात 10 बजे तक उपलब्ध थी। देर रात ट्रेन से आने वाले यात्री दर्शन ड्योढ़ी के प्रवेश द्वार पर आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड के बारे में जानकारी प्रदान की गई
इसके अलावा, इस बैठक में सुरक्षा एजेंसियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। इसमें पुलिस, सीआरपीएफ और श्राइन बोर्ड के सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। साथ ही, खतरों का शीघ्र पता लगाने के लिए उन्नत निगरानी उपकरणों के उपयोग पर जोर दिया गया।
लगभग 8 घंटे पैदल चलने का समय
कटरा से वैष्णो देवी मंदिर की दूरी लगभग 13 किलोमीटर है। इस दूरी को तय करने के लिए श्रद्धालु पैदल, घोड़े, कुली, कार और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर सकते हैं। पैदल यात्रा में लगभग 8 घंटे लगते हैं। सामान्य दिनों में यह यात्रा 24 से 36 घंटे में पूरी हो जाती है।