Surat में अजब चोरी कांड: चोर ने पुलिस को ही चकमा देकर चोरी की रकम वापस ले ली
सूरत में एक अजीब मामला सामने आया है, जिसमें रांदेर इलाके से एक बाइक पर लटकी थैली में 2.69 लाख रुपये नकद मिले थे। रांदेर पुलिस ने बाइक के मालिक को खोजकर यह रकम लौटा दी थी। हालांकि पुलिस ने पूरी तरह जांच नहीं की थी, लेकिन इस कार्रवाई का वीडियो वायरल होते ही मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया। असल में जिस व्यक्ति को पैसे लौटाए गए थे, उसने ही अपने मकान मालिक के घर से चोरी की थी।
जानकारी के मुताबिक, 3 दिसंबर को रांदेर रामनगर चार रास्ता के पास एक बाइक लावारिस हालत में मिली थी। बाइक पर रखी कपड़े की थैली से 2.69 लाख रुपये बरामद हुए। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने मालिक का पता निकाला, जो कतारगाम अंबातलावडी की पंचदेव सोसाइटी में रहने वाले दक्षेश अरविंदभाई पटेल थे। दक्षेश हीरा उद्योग में काम करता है।
दक्षेश ने पुलिस को बताया कि वह जहांगीरपुरा में अपने दोस्त से मिलने गया था और लौटते समय उसकी तबीयत खराब हो गई थी। वह दवाखाने गया और बाद में उसे याद नहीं रहा कि बाइक कहां छोड़ी। घर लौटने पर उसने इस बारे में ध्यान नहीं दिया। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो पता चला कि उसका बेटा विधानगर में पढ़ाई करता है। पुलिस ने मान लिया कि थैली में रखे पैसे बेटे की फीस के होंगे और नकद राशि उसे लौटा दी गई। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सोशल मीडिया जहां कभी नुकसानदेह साबित होता है, वहीं इस मामले में फायदेमंद साबित हुआ। जब यह वीडियो दक्षेश के मकान मालिक के ध्यान में आया, तो उन्हें शक हुआ कि तीन महीनों से किराया न भरने वाला दक्षेश इतनी बड़ी रकम का मालिक कैसे हो सकता है? मकान मालिक आकाश शिरोया और उनकी मां ने घर की जांच की, तो पाया कि उनके मूल गांव वाले मकान की बिक्री के 3.55 लाख रुपये नकद और 20 ग्राम सोने के गहने गायब थे कुल 4.55 लाख की चोरी।
गौरतलब है कि दक्षेश की मकान मालिक के घर में आवाजाही रहती थी, और वह जानता था कि तिजोरी की चाबी कहां रखी जाती है। इसी आधार पर आकाश शिरोया ने कतारगाम पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच में खुलासा हुआ कि चोरी दक्षेश ने ही की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस तरह सोशल मीडिया मकान मालिक आकाश के लिए लाभदायक साबित हुआ, जबकि आरोपी दक्षेश ने रांदेर पुलिस को भी धोखा दिया। साथ ही रांदेर पुलिस की बिना पूरी जांच किए नकद रकम लौटा देने की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई।