सूरत में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 10 दिनों में 24,847 चालान, 12 करोड़ से अधिक का जुर्माना

सूरत में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 10 दिनों में 24,847 चालान, 12 करोड़ से अधिक का जुर्माना
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-08 20:29:59

सूरत में एक तरफ लोग बढ़ते नॉइज़ पोल्यूशन से परेशान हैं, वहीं कुछ वाहन चालक बेवजह हॉर्न बजाकर आवाज़ के प्रदूषण को और बढ़ा रहे हैं। ट्रैफिक सिग्नल बंद होने पर भी ऐसे लोग लगातार हॉर्न बजाते हैं, जिससे लोगों का सिरदर्द बढ़ जाता है. ऐसे ही हॉर्न के शौकीन और नियम तोड़ने वाले चालकों को सबक सिखाने के लिए सूरत ट्रैफिक पुलिस एक्शन में आ गई है और 10 दिनों में ही कड़ी कार्रवाई की है।

सूरत शहर में ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक एक विशेष ड्राइव चलाई। इसमें लगातार हॉर्न बजाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, हेल्मेट न पहनने, ओवरस्पीडिंग और सिग्नल तोड़ने जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों को पकड़कर कार्रवाई की गई। सिर्फ 10 दिनों में ही 24,847 चालान काटे गए और 12.42 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में—

• ओवरस्पीडिंग के 8,562 मामले

• सिग्नल तोड़ने के 6,655 मामले

• रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,707 मामले

• हेल्मेट न पहनने के 145 मामले

• अन्य नियम उल्लंघन के 7,778 मामले शामिल हैं।

सूरत ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में डर का माहौल बन गया है। वहीं अहमदाबाद के नियम तोड़ने वालों को भी अब सावधान होना पड़ेगा, क्योंकि ट्रैफिक नियमों के पाँच से अधिक मेमो होने पर अब आरटीओ ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर देगा।

विभाग ने इसके लिए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि जिस चालक के नाम पर पाँच से अधिक मेमो होंगे, उसे नोटिस दी जाएगी और पूछा जाएगा कि उसका लाइसेंस क्यों न रद्द किया जाए। जवाब आने के बाद आरटीओ लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।