सूरत की मिल में दर्दनाक हादसा: मशीन में फँसने से मजदूर का हाथ धड़ से अलग हुआ
सूरत की औद्योगिक इकाइयों में लगातार हो रहे हादसों की कड़ी में कडोदरा से एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। कडोदरा के तांतीथैया स्थित प्रभाकर प्रोसेसर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की मिल में 25 वर्षीय मजदूर रंजीत महत्तो सिलाई मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी साड़ी का छोर मशीन में फँस गया और उसके साथ ही रंजीत का हाथ भी तेज़ी से मशीन के अंदर चला गया। मशीन के अधिक प्रेशर के कारण देखते-देखते उसका पूरा हाथ कंधे के पास से कटकर धड़ से अलग हो गया।
हादसे के बाद मिल में मौजूद अन्य मजदूर तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रंजीत को पहले कडोदरा की लीलाबा अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सूरत की एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
स्थानीय मजदूरों के अनुसार, इस क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में ऐसे हादसे अक्सर होते रहते हैं। लेकिन मिल प्रबंधन द्वारा दुर्घटनाओं को दबाने और पीड़ित मजदूरों की आवाज़ को अनसुना करने की कोशिश की जाती है।
घटना से गुस्साए मजदूरों ने लापरवाही बरतने वाले मिल मालिकों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गंभीर रूप से घायल रंजीत को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई है।