Surat: लिंबायत में ‘रवि गैंग’ का आतंक, राजपूत परिवार पर हमले से फैली दहशत
सूरत शहर के लिंबायत क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार देर रात कृष्णा नगर–2 के प्लॉट नंबर 37 पर रहने वाले चेतन राजपूत के परिवार पर रवि गैंग द्वारा किए गए पथराव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस हमले में उनके रिश्तेदार विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद स्थानीय निवासियों में भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, रवि उर्फ चोको द्वारा संचालित यह गैंग लंबे समय से लिंबायत में अवैध शराब का धंधा चलाता है। गैंग के 20–25 सदस्य दिनभर इलाके में मंडराते रहते हैं और राहगीरों को धमकाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गैंग महिलाओं और लड़कियों पर अश्लील टिप्पणियाँ करता है, जिसके कारण मोहल्ले के लोग परेशान हैं। जब चेतन राजपूत ने उनके इस व्यवहार का विरोध किया, तभी से गैंग उनसे रंजिश रखता था।
यह घटना वाली रात करीब 10 बजे गैंग के 8–10 लोग अचानक चेतन राजपूत के घर पहुंचे और बिना किसी उकसावे के पथराव शुरू कर दिया। लगभग 10 मिनट तक चले इस हमले में घर की दीवारों, दरवाजों और खिड़कियों को नुकसान पहुँचा। पथराव के दौरान विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मोहल्ले में महिलाओं और बच्चों में भारी दहशत फैल गई।
स्थानिक लोगो से बात चित करने में पता चला है की इस हमले में रवि उर्फ चोको, हड्डी उर्फ अंकित और छाया उर्फ रोहित का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गुंडा तत्त्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति कायम हो सके।