सूरत में ATM से चोरी करने चोरों ने अपनाई अनोखी तरकीब, जानिए कैसे फूटा भांडा

सूरत में ATM से चोरी करने चोरों ने अपनाई अनोखी तरकीब, जानिए कैसे फूटा भांडा
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-12-01 09:06:05

सूरत के सचिन इलाके में स्थित यूको बैंक के ATM में ग्राहकों को ठगकर पैसे चोरी करने की एक अनोखी मॉडस ऑपरेंडी का पर्दाफाश हुआ है। सचिन पुलिस ने जांच करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी की नकदी भी बरामद की है। चोरों की संदिग्ध गतिविधियाँ ATM कक्ष के CCTV कैमरे में कैद हो गई थीं।

चोरों ने अपनाई अनोखी विधि

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गैंग यूको बैंक के ATM मशीन के कैश डिस्पेंसर स्लॉट पर डबल गम पट्टी चिपका देती थी। जब ग्राहक ATM से पैसे निकालते, तो बाहर आने वाली नोटें इसी गम पट्टी में फंस जाती थीं। ग्राहक को लगता कि मशीन में कोई तकनीकी खराबी है। परेशान होकर ग्राहक खाली हाथ ATM से बाहर निकल जाता, जिसके बाद आरोपी आते और गम पट्टी में फंसी नोटें निकालकर फरार हो जाते थे।

CCTV फुटेज से खुली पोल

बीते दो दिनों से हो रही गड़बड़ी पर बैंक मैनेजर को शक हुआ। निरीक्षण के दौरान उन्हें डस्टबिन में डबल गम लगी काली पट्टी मिली, जिसने चोरी की चालाकी की तरफ इशारा किया। मैनेजर ने तुरंत सचिन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की।

पुलिस ने शुरू की जांच

CCTV फुटेज की जांच में साफ दिखा कि एक अज्ञात व्यक्ति ATM के कैश डिस्पेंसर के पास संदिग्ध हरकतें कर रहा था। अगले दिन सुबह भी एक अन्य व्यक्ति मशीन में छेड़छाड़ करता नजर आया। तकनीकी सर्विलांस और फुटेज के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। इनके पास से लगभग 30,000 रुपये की नकदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में विक्की कुमार उर्फ रवि कुमार गुप्ता, छोटू कुमार पासवान, क्रिश कुमार उर्फ रजत ठाकुर और कृष्ण कुमार उर्फ बबुआ शर्मा शामिल हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस गैंग ने अन्य ATM में भी इसी तरह की चोरी की है। साथ ही पुलिस ने ग्राहकों से ATM से पैसे निकालते समय सतर्क रहने की अपील की है।