Surat: गोड़ादरा में बंद मकान से 1.82 लाख की चोरी, चोर फरार

Surat: गोड़ादरा में बंद मकान से 1.82 लाख की चोरी, चोर फरार
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-11-29 19:55:18

सूरत के गोड़ादरा क्षेत्र में बंद मकान से लगभग दो लाख की चोरी

सूरत के गोड़ादरा क्षेत्र में स्थित ऋषि नगर सोसाइटी में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना तब हुई जब बिंद परिवार 22 नवंबर 2025 की सुबह 9 बजे से लेकर 25 नवंबर 2025 की सुबह 9 बजे तक अपने घर को बंद करके बाहर गया था। इस दौरान चोरों ने उनके घर की पूरी तरह से रेकी कर दरवाज़े के लॉक (ताला)को काटकर भीतर प्रवेश किया।

घर में घुसने के बाद चोरों ने अलमारी में रखी तिजोरी तोड़कर उसमें मौजूद सोने-चांदी के आभूषण, दो कीमती घड़ियाँ और नकद राशि पर हाथ साफ किया। चोरी किए गए सामान का कुल मूल्य करीब 1,98,500 रुपए बताया जा रहा है, जिसमें 1.82 लाख रुपए के आभूषण, 6000 रुपए मूल्य की दो घड़ियाँ और 10,000 रुपए नकद शामिल हैं।

बाहर से लौटने पर जब सविता और उनके पति बजरंगी प्रसाद बिंद ने घर की स्थिति देखी, तो उन्हें चोरी का पता चला। अंदर पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और तिजोरी टूटी हुई थी। घटना से घबराए परिवार ने तुरंत गोदादरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई।

गोड़ादरा पुलिस ने मौके का पंचनामा तैयार कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ घरफोड़ चोरी का मामला दर्ज किया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिसके चलते लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।