Surat: इच्छापोर इलाके में नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप, माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस

Surat: इच्छापोर इलाके में नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप, माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-11-29 13:35:52

सूरत के इच्छापोर इलाके में 28 नवंबर की देर रात मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। पुराने कवास क्रिकेट ग्राउंड के पास एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रात के सन्नाटे में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुँचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बच्ची का इलाज सूरत सिविल अस्पताल के ICU में जारी

इच्छापोर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिरुद्धसिंह गोहिल ने बताया कि बच्ची की हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत सूरत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची बिल्कुल ताज़ा जन्मी है और वर्तमान में ICU में उसका गहन इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि बच्ची को वहां किसने छोड़ दिया। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं और आसपास के सभी अस्पतालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

लोगों ने रोने की आवाज सुनकर शुरू की खोजबीन

पुराने कवास क्रिकेट मैदान से गुजरते समय कुछ लोगों ने अचानक किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनी। आवाज की दिशा में गए तो उन्हें एक नवजात बच्ची बेसहारा और लावारिस हालत में मिली। खुली जगह पर नवजात मिलने से क्षेत्र के लोगों में सहानुभूति के साथ-साथ गहरी नाराज़गी भी देखने मिली। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

पुलिस ने बिना देर किए बच्ची को उपचार के लिए भेजा

जैसे ही सूचना मिली, इच्छापोर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिक कानूनी औपचारिकताओं को किनारे रखकर पहले मानवता का परिचय दिया और बच्ची को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्ची की स्थिति डॉक्टरों की निगरानी में स्थिर बताई जा रही है।

माता-पिता या आरोपी की जानकारी देने पर ₹11,000 का इनाम

इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देकर बच्ची को छोड़ जाने वाले माता-पिता की तलाश के लिए पुलिस ने व्यापक जांच शुरू कर दी है। इच्छापोर पुलिस ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि नवजात बच्ची को छोड़ने वाले व्यक्ति या माता-पिता के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को ₹11,000 का नगद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इससे जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।