Surat: अमृत ​​भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब उधना से ओडिशा के ब्रह्मपुर तक रोजाना चलेगी

Surat: अमृत ​​भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब उधना से ओडिशा के ब्रह्मपुर तक रोजाना चलेगी
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-11-27 11:21:56

त्योहारों के दिनों में सूरत शहर से अपने गृहनगर लौटने वाले यात्रियों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जाती है। इसी बढ़ते दबाव को कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब सूरत के उधना रेलवे स्टेशन से ओडिशा के ब्रह्मपुर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दैनिक सेवा में तब्दील कर दिया गया है।

पहले यह ट्रेन सप्ताह के निश्चित दिनों में ही चलती थी, जिसके कारण यात्रियों को टिकट मिलने में काफी परेशानी होती थी। त्योहारों और अवकाश के दिनों में तो लंबी वेटिंग के कारण कई यात्री यात्रा की योजना ही रद्द करने पर मजबूर हो जाते थे। लेकिन अब ट्रेन रोजाना उपलब्ध होने से सूरत और आसपास के इलाकों से ओडिशा जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेल मंत्रालय का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इससे न केवल भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा भी मिलेगी। नई व्यवस्था जल्द ही लागू होने वाली है, जिससे उत्सव के मौसम में यात्रियों को बेहतर सुविधा का लाभ मिलेगा। पहले उधना-ब्रह्मपुर-उधना ब्रह्मपुर 19021/19022 ट्रेन सप्ताह में केवल दो दिन चलती थी, 19 नवंबर को इसके फेरे बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन कर दिए गए। एक सप्ताह बाद, इस ट्रेन के फेरे और बढ़ाने का निर्णय लिया गया। प्रतिदिन चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी।

इस ट्रेन के सस्ते किराए, तेज और आरामदायक सफर के कारण यात्रियों की भारी भीड़ रहती है, जिसके कारण ट्रेन की आवृत्ति बढ़ा दी गई है।

उल्लेखनीय है कि उधना-ब्रह्मपुर-उधना ट्रेन गुजरात को मिलने वाली पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी साल 27 सितंबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।

उधना-ब्रह्मपुर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन इन स्टेशनों पर रुकती है:

बारडोली, व्यारा, नवापुर, नंदुरबार, दोंडाइचा, सिंदखेड़ा, अमलनेर, धरनगांव, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, अकोला, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, खरियार रोड, कांताबेंजी, टिटलागढ़, केसिंगा, मुनिगुड़ा, रायगड़ा, पार्वतीपुरम, बोबिली, विजयनगरम, श्रीकाकुलम रोड, पलासा।