J&K: ‘कश्मीर टाइम्स कार्यालय’ पर SIA का छापा, ऑफिस में मिले AK-47 के 14 कारतूस और हैंडग्रेनेड
जम्मू और कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने गुरुवार को कश्मीर टाइम्स के कार्यालय पर छापा मारा, जिसमें एक चौंकाने वाली बरामदगी हुई। सूत्रों के अनुसार, जांच टीम को कार्यालय परिसर से 14 AK-47 कारतूस, हैंड ग्रेनेड का पिन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है।
SIA की यह कार्रवाई एक चल रही संवेदनशील जांच का हिस्सा है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि कार्यालय परिसर में अवैध या प्रतिबंधित सामान छुपाया गया हो सकता है। जब्त किए गए सभी सामानों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, SIA अन्य संभावित संदिग्ध स्थानों पर भी कड़ी नजर रखे हुए है।
बता दें कि दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट मामले की जांच जम्मू और कश्मीर में जारी है। इस विस्फोट के मुख्य आरोपी डॉ. उमर नबी की मौत हो चुकी है। एजेंसी अब उस डॉक्टर से जुड़े आतंकवादी नेटवर्क की जांच कर रही है। इसी जांच के सिलसिले में गुरुवार को SIA ने कश्मीर टाइम्स कार्यालय पर छापा मारा।
अधिकारियों का कहना है कि जम्मू और कश्मीर में कश्मीर टाइम्स अखबार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।
यह भी उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकाशन की जांच की गई हो। इससे पहले भी राष्ट्र विरोधी सामग्री प्रकाशित करने के आरोपों को लेकर कश्मीर टाइम्स के कार्यालय पर छापे मारे जा चुके हैं। श्रीनगर के रेजिडेंसी रोड स्थित प्रेस एन्क्लेव में मौजूद इस कार्यालय को वर्ष 2020 में कुछ समय के लिए सील भी किया गया था। यह अखबार कई महीनों से प्रकाशन से बाहर था।