Surat Police का यूपी मॉडल, वॉन्टेड अपराधी के पैर में गोली मारकर बनाया लंगड़ा, फिर दबोचा
सूरत शहर के डिंडोली, लिम्बायत और भेस्तान जैसे इलाकों में आतंक मचाने और हत्या सहित 15 गंभीर अपराधों में वांटेड सलमान लस्सी को आखिरकार सूरत क्राइम ब्रांच ने फिल्मी अंदाज में पकड़ लिया है। आरोपी सलमान लस्सी नवसारी जिले के डाभेल गाँव में छुपा हुआ था, जहां क्राइम ब्रांच की टीम उसे पकड़ने पहुंची। गिरफ्तारी से बचने के लिए सलमान लस्सी ने PI सोढा पर चाकू से हमला किया, जिस पर PI ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। गोली सलमान लस्सी के पैर की हड्डी को छूकर निकल गई। फिलहाल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुबह 3 बजे शुरू हुआ हाई-स्पीड ऑपरेशन ‘लस्सी’
क्राइम ब्रांच के PI किरण मोदी और PI पी. के. सोढा की टीम को सूचना मिली कि सूरत के भेस्तान में 21 अक्टूबर को हुई हत्या और अन्य 15-17 अपराधों का वांटेड आरोपी सलमान लस्सी नवसारी के डाभेल गाँव के आशियाना मोहल्ले में छुपा हुआ है। इस सूचना के बाद क्राइम ब्रांच की 25 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की पांच टीमें आज (6 नवंबर) सुबह 3 बजे डाभेल गाँव पहुंचीं। यह ऑपरेशन हाई-स्पीड और हाई-स्टेक था।
अपराधी को चारों ओर से घेरकर किया गया काउन्डर
क्राइम ब्रांच की टीम ने आसपास के मकानों को भी सील कर दिया। सलमान लस्सी जिस मकान में छुपा था, उसके आसपास के पांच मकानों को चारों ओर से घेर लिया गया ताकि वह छत से कूदकर भाग न सके। एक टीम आगे के दरवाजे पर थी, जबकि दूसरी पीछे के हिस्से में तैनात थी। आरोपी जिस कमरे में छुपा था वह अंदर से बंद था, लेकिन उसे पता चल गया कि पुलिस उसे पकड़ने आई है। क्राइम ब्रांच ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन अंदर छुपा लस्सी बाहर आने को तैयार नहीं था।
पुलिस पर चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में घायल
जब पुलिस ने घेराबंदी और मजबूत कर दी, तो सलमान लस्सी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए खतरनाक कदम उठाया। उसने पहले दोनों PI को चाकू दिखाया और PI पी. के. सोढा पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति गंभीर और जान का जोखिम देखते हुए PI पी. के. सोढा ने आत्मरक्षा में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सलमान लस्सी के दाहिने पैर पर गोली चलाई।
गिरफ्तार कर अस्पताल में कराया गया भर्ती
सुबह 3.15 बजे डाभेल गाँव के आशियाना मोहल्ले में अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। क्राइम ब्रांच की टीम ने कुख्यात अपराधी सलमान लस्सी को पकड़ने के लिए यह ऑपरेशन शुरू किया। इस घटना में पुलिस टीम का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और हमला नाकाम बना दिया। अंततः गोली चलने के बाद सलमान लस्सी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।