Bihar Election Live: 'पहले मतदान, फिर जलपान', पीएम मोदी ने किया मतदाताओं से की अपील
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू हो गई है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लोगों से वोट करने की अपील की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "बिहार में आज लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है। विधानसभा चुनावों में इस दौर के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट डालने जा रहे राज्य के अपने सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई। याद रखना है- पहले मतदान, फिर जलपान!"
अधिक से अधिक संख्या में करें मतदान
बीजेपी अध्यक्ष ने लिखा कि ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की पावन धरा बिहार में आज विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान कर रहे सभी मतदाताओं व हमारे युवा साथियों से अपील करता हूं कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यह चुनाव बिहार में स्थिरता लाने और बिहार को विकास की पटरी पर तीव्रता से अग्रसर करने का चुनाव है। विकास की तेज रफ्तार को सतत बनाए रखना हर प्रदेशवासी की अहम जिम्मेदारी है।
पहले चरण में तीन करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता
पहले चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। एक करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।। इसके अलावा, 1, 00, 904 सर्विस वोटर भी इस चरण में वोट डालेंगे।
सात लाख 37 हजार 765 मतदाता पहली बार करेंगे मतदान
मतदान केंद्रों पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। 3, 22, 077 दिव्यांग मतदाता और 5, 31, 423 वरिष्ठ नागरिक मतदाता (जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 5, 24, 687 और 100 वर्ष से अधिक आयु वाले 6,736 मतदाता शामिल हैं) भी लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेंगे। पहले चरण के मतदान में सात लाख 37 हजार 765 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मतदान करेंगे। इनमें से अधिक 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा वोटर है। वहीं 18 से 40 वर्ष के बीच के 1, 96, 27, 330 युवा मतदाता इस चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।