Surat: गंदे पानी में हरा धनिया धोने वाला व्यक्ति वीडियो में कैद, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Surat: गंदे पानी में हरा धनिया धोने वाला व्यक्ति वीडियो में कैद, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-11-03 15:51:55

सूरत शहर में एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर भरे गंदे पानी का उपयोग हरे धनिया को धोने के लिए करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह गैरजिम्मेदाराना और अमानवीय हरकत सीधे-सीधे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के बराबर है। इस वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य अधिकारियों ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह घटना सूरत के सहारा दरवाजा क्षेत्र के पास की है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर बह रहे गटर जैसे दूषित पानी में हरा धनिया धो रहा है, ताकि उसे बिक्री के लिए ताज़ा और साफ दिखाया जा सके। ऐसे पानी में धोई गई सब्जियों का सेवन करने से लोगों के बीमार पड़ने की आशंका बढ़ जाती है।

वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता में आक्रोश देखने को मिल रहा है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। शहर के स्वास्थ्य अधिकारी प्रदीप उमरीगर ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल चुकी है और संबंधित विभाग को तुरंत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि यह वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि इस घटना को वहां से गुजर रहे एक जागरूक बाइक सवार ने अपने कैमरे में कैद किया, जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया और यह तेजी से वायरल हो गया।