‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर सूरत क्षेत्रीय सूचना कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली एकता की शपथ
सूरत: 31 अक्टूबर को लौहपुरुष और अखंड भारत के निर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पूरे देशभर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सूरत स्थित क्षेत्रीय सूचना कार्यालय में भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर ‘राष्ट्रीय एकता शपथ’ ली।
कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे तथा किसी भी प्रकार की भेदभावपूर्ण प्रवृत्ति को समाज में स्थान नहीं देंगे।
शपथ ग्रहण के दौरान संयुक्त निदेशक (सूचना) श्री उमेश बावीसा तथा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने में जो भूमिका निभाई, वह सदैव प्रेरणादायी रहेगी। 562 रियासतों को एकजुट कर उन्होंने भारत को राजनीतिक और सांस्कृतिक रूप से एक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। आज के समय में भी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का उनका संदेश उतना ही प्रासंगिक है जितना आज़ादी के समय था।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और यह संकल्प लिया कि वे समाज में भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।