Uttar Pradesh: राम मंदिर पर हमले की साजिश का भंडाफोड़, एटीएस की जांच में बड़ा खुलासा

Uttar Pradesh: राम मंदिर पर हमले की साजिश का भंडाफोड़, एटीएस की जांच में बड़ा खुलासा
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-10-27 14:09:28

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी अदनान की पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में पता चला है कि उसने राम मंदिर सहित उत्तर प्रदेश के कई धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश रची थी। इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं और उससे और जानकारी जुटाने की कोशिश में हैं। बता दें कि पिछले वर्ष यूपी एटीएस ने अदनान को हाईकोर्ट के जज को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था, हालांकि करीब 5 महीने बाद उसे जेल से रिहा कर दिया गया था।

भोपाल से दोबारा गिरफ्तार किया गया

रिहाई के बाद अदनान भोपाल चला गया, जहां उसने जिहादी गतिविधियों की साजिश रचना शुरू की। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसकी गतिविधियों पर नज़र रखी और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी मिलते ही यूपी एटीएस की एक टीम शनिवार को तत्काल दिल्ली रवाना हुई और अब अदनान से पूछताछ जारी है।

साजिश को लेकर लगातार पूछताछ

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस के अधिकारी लगातार अदनान से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि वह मुस्लिम धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से बेहद नाराज़ था। साथ ही, वह उत्तर प्रदेश के किन-किन शहरों में गया और किनसे मिला, इसकी भी जांच की जा रही है।

पीएम मोदी की अयोध्या यात्रा से पहले एटीएस सतर्क

सूत्रों के मुताबिक, सीरिया में बैठे एक खलीफा ने उसे कई वीडियो भेजे थे, जिनमें राम मंदिर और उत्तर प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों का ज़िक्र था। इससे जांच एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने वाले हैं। इसी कारण यूपी एटीएस विशेष सतर्कता बरत रही है और इस पूरे षड्यंत्र की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।