सूरत के उद्योगपति 21,000 बेटियों को देंगे 7,500 रुपये की शैक्षणिक सहायता, जाने

सूरत के उद्योगपति 21,000 बेटियों को देंगे 7,500 रुपये की शैक्षणिक सहायता, जाने
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-10-16 13:04:03

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कन्या शिक्षा” के संकल्प को साकार करने की दिशा में सूरत के एक युवा उद्योगपति ने प्रेरणादायक कदम उठाया है। मूल रूप से बनासकांठा जिले के नाणोटा गांव के रहने वाले और वर्तमान में सूरत में टेक्सटाइल व बिल्डिंग व्यवसाय से जुड़े 33 वर्षीय पियूष देसाई ने जरूरतमंद 21,000 बेटियों की स्कूल फीस और शिक्षा सामग्री के लिए 15 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने का संकल्प लिया है।

यह महत्वपूर्ण शैक्षणिक सहायता “हीराबा खमकार योजना” के अंतर्गत दी जा रही है। पियूष देसाई ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में की जा रही है। इस योजना के तहत प्रत्येक बेटी को 7,500 रुपये की सहायता दी जाएगी और 21वीं सदी के प्रतीक स्वरूप 21,000 बेटियों को इसका लाभ मिलेगा। यह सहायता खास तौर पर सूरत शहर की उन छात्राओं को दी जाएगी जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या जिनके माता-पिता नहीं हैं।

सरकारी स्कूलों की छात्राओं के लिए भी इस योजना में विशेष प्रावधान किया गया है। जहां नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की शालाओं में फीस नहीं ली जाती, वहां की बेटियों को स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री के लिए 7,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इस योजना का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल के हाथों हुआ, जिन्होंने पहले चरण में 251 बेटियों को सहायता प्रदान की। धनतेरस के शुभ अवसर पर और 151 बेटियों को सहायता देने की योजना है। पियूष देसाई का लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक कुल 21,000 बेटियों को 15 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की जाए। उनका कहना है कि “बेटी दो कुलों को तारती है और आने वाली पीढ़ी को शिक्षित व संस्कारी बनाती है, इसलिए बेटी की शिक्षा समाज का सबसे बड़ा निवेश है।”

जरूरतमंद छात्राएं पियूष देसाई के कार्यालय — 502, एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, रिंग रोड, सूरत — से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। फॉर्म जमा करने के बाद उनकी टीम छात्रा की स्थिति की जांच करेगी और आवश्यकता अनुसार आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। इस प्रकार सूरत का यह युवा उद्योगपति हजारों बेटियों के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।

पियूष देसाई के कार्यालय: 8849147821, 7490886191