VNSGU Surat: 52वां युवा महोत्सव 21 दिसंबर से, रील और शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताओं पर युवाओं की नजर

VNSGU Surat: 52वां युवा महोत्सव 21 दिसंबर से, रील और शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताओं पर युवाओं की नजर
Anjali Singh JHBNEWS टीम,सूरत 2025-10-15 13:31:29

वीर नर्मद दक्षिण गुजरात विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में इस वर्ष 52वां युवा महोत्सव “रानी अब्बक्का” के नाम से विभिन्न सत्रों और प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव आगामी 21 दिसंबर से तीन दिनों तक आयोजित होगा। इस वर्ष का मुख्य विषय रहेगा — “रानी अब्बक्का – भारत की पहली महिला स्वतंत्रता सेनानी”।

इस युवा महोत्सव में स्वतंत्र भारत के 100 वर्षों के सपने, जल शक्ति अभियान, “से नो टू ड्रग्स”, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय एकता, नारी सम्मान और पर्यावरण जागरूकता जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

नए आकर्षण के रूप में इस बार “रील मेकिंग” और “शॉर्ट फिल्म मेकिंग” प्रतियोगिताओं को जोड़ा गया है। रील प्रतियोगिता में 10 से 60 सेकंड की सीमा में केवल विद्यार्थियों द्वारा स्वयं के कैमरे से बनाई गई रचनात्मक एंट्री मान्य होगी। वहीं शॉर्ट फिल्म 3 से 5 मिनट की होनी चाहिए, जिसमें निर्देशन, एडिटिंग और अभिनय सहित अधिकतम 10 छात्रों की भागीदारी होगी।

विशेष आकर्षण के रूप में अंतर-काॅलेज और अंतर-विश्वविद्यालय योगासन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें ट्रेडिशनल, आर्टिस्टिक और रिदमिक योगासन का समावेश होगा। खेलकूद प्रतियोगिताओं का नाम “सरदार वल्लभभाई पटेल और भगवान बिरसा मुंडा परम खेलकूद उत्सव” रखा गया है, जिसे दोनों महापुरुषों की 150वीं जयंती को समर्पित किया गया है।

यह महोत्सव युवाओं को समाज सुधार, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, राष्ट्रीय एकता और नारी सम्मान जैसे विषयों को उजागर करने का अवसर प्रदान करेगा।