फिलीपींस में 7.6 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी से लोगों में दहशत
फिलीपींस में शुक्रवार सुबह भीषण भूकंप आया, जिससे धरती जोर से कांप उठी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.2 से 7.6 के बीच दर्ज की गई है। इस शक्तिशाली भूकंप के बाद समुद्र में एक मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है और सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, अब तक किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली है, लेकिन भूकंप वैज्ञानिकों ने लोगों को आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद आने वाले झटकों) के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।
लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह
मिंडानाओ और आसपास के तटीय इलाकों में समुद्र की लहरों से खतरा बताया जा रहा है। इसलिए प्रशासन ने समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। भूकंप के तेज झटकों से लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल की टीमें तुरंत फील्ड में उतर गई हैं। कुछ जगहों पर इमारतों और घरों में दरारें आने की भी खबरें हैं।
भूकंप का केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र में
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, फिलीपींस के दक्षिणी द्वीप मिंडानाओ क्षेत्र में आज शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9 बजकर 43 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) ने इसकी तीव्रता 7.4 बताई है, जबकि फिलीपींस की भू-भौतिकीय एजेंसी फिलवोल्क्स ने तीव्रता 7.6 रिकॉर्ड की है। फिलीपींस के दावाओ ओरिएंटल प्रांत के मनाय शहर के पास समुद्र में 10 से 58 किलोमीटर की गहराई में भूकंप का केंद्र पाया गया है।