महानगर पालिका की लापरवाही उजागर: शहर में बारिश के बाद 1956 स्थानों पर सड़कें टूटी, जनता परेशान

महानगर पालिका की लापरवाही उजागर: शहर में बारिश के बाद 1956 स्थानों पर सड़कें टूटी, जनता परेशान
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-07-08 15:21:09

सूरत शहर में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। खाड़ी क्षेत्र के पानी से शहर की सड़कों पर मानो नदियाँ बह रही हों, ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी। बारिश के चलते कई सड़कें टूट गईं और जगह-जगह गड्ढे बन गए, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

1956 स्थानों पर सड़कें टूटीं, जगह-जगह गड्ढे

बारिश के बाद शहर के 1956 स्थानों पर सड़कें टूटीं और गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के महापौर द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद अब तक इन टूटी सड़कों और गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई है। अधिकारी उच्चाधिकारियों की बातों को नजरअंदाज कर रहे हैं।

मेयर के निर्देश के बाद भी नहीं हुई टूटी सड़कों और गड्ढों की मरम्मत

शहर के प्रमुख इलाकों में गड्ढों की मरम्मत के लिए पेवर ब्लॉक्स का उपयोग करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन कार्य धीमी गति से चल रहा है। प्राथमिक सर्वेक्षण के अनुसार, शहर के 1956 स्थलों पर गड्ढे पाए गए हैं।

इन वॉर्ड में गड्ढो का मंजर 


  • कतारगाम जोन में 497 गड्ढे
  • नॉर्थ जोन में 497 गड्ढे
  • सेंट्रल जोन में 423 गड्ढे
  • ईस्ट जोन-बी में 211 गड्ढे
  • ईस्ट जोन-ए में 175 गड्ढे
  • वेस्ट जोन में 156 गड्ढे
  • साउथ वेस्ट जोन में 151 गड्ढे
  • साउथ जोन-बी में 152 गड्ढे
  • साउथ जोन-ए में 126 गड्ढे
  • लिंबायत में सबसे कम 65 गड्ढे

स्थिति गंभीर, कार्य धीमा

महापौर के आदेश के बाद भी सड़क मरम्मत का कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है। वर्तमान में केवल 132 स्थानों पर ही मरम्मत का काम जारी है। अधिकारियों की लापरवाही से नागरिकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

नागरिकों की बढ़ती नाराजगी

सड़कें टूटी हों, गड्ढे हों या पानी भराव – हर समस्या का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दुपहिया चालकों के लिए यह स्थिति अत्यंत खतरनाक बन चुकी है। लोगों की मांग है कि नगर निगम जल्द से जल्द सभी जगहों की मरम्मत कराए और भविष्य में ऐसी आपदा से निपटने के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करे।

डिंडोली निवासी मोहन यादव, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, ने बताया कि भारी बारिश के चलते हमारे इलाके की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हर गली और साई पॉइंट की सड़कों पर गड्ढों की भरमार है, जिससे रोजाना वाहन चलाने में भारी परेशानी होती है और हादसे का डर बना रहता है। लेकिन मनपा के लोग आते है और कुछ डामर से लिपटे कंकरी डालते है और वह कुछ समय में बारिश में बह जाता है इन दिनों में बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।