सूरत के उधना में एपी मार्केट की गैलरी गिरी, 2 मजदूर मलबे में दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूरत के उधना क्षेत्र स्थित एपी मार्केट में आज दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मार्केट की गैलरी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह जाने से अफरातफरी मच गई। हादसे के वक्त मरम्मत कार्य चल रहा था और उसमें लगे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। फायर ब्रिगेड और नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
इस मार्केट की हालत पहले से ही जर्जर थी और वर्ष 2018 में सूरत महानगरपालिका ने इसे लेकर नोटिस जारी की थी। मार्केट की ऊपरी दो स्लैबों को हटाने के लिए दो बार नोटिस दी गई थी, लेकिन आज जब मरम्मत का काम चल रहा था, उस दौरान दूसरी मंजिल की स्लैब पहली मंजिल पर गिर पड़ी, जिससे वजन बढ़ा और पूरी गैलरी भरभरा कर नीचे गिर गई।
दिल दहला देने वाला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत कार्य के दौरान दिल दहला देने वाले दृश्य सामने आए, जहां एक मजदूर का शरीर आधा मलबे से बाहर नजर आ रहा था। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला।
एक मजदूर को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरे मजदूर को गंभीर चोटें लगने के कारण उधना पुलिस ने अपनी पीसीआर वैन से तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मार्केट को सील किया गया
इस घटना के बाद फायर विभाग द्वारा एपी मार्केट को सील कर दिया गया है। यह मार्केट बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर समेत कुल चार मंजिला था और इसमें लगभग 50 दुकानें स्थित थीं। इस दुर्घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है और जर्जर इमारतों की मरम्मत व सुरक्षा के मुद्दे पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।