सूरत में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा: एक दिन में मिले 4 नए पॉजिटिव केस, प्रशासन अलर्ट मोड पर

सूरत में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा: एक दिन में मिले 4 नए पॉजिटिव केस, प्रशासन अलर्ट मोड पर
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-05-30 17:36:56

सूरत में कोरोना संक्रमण में वृद्धि देखी गई है। एक ही दिन में 4 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जबकि इस सप्ताह कुल 9 मामले दर्ज किए गए हैं। सभी मामले सगरामपुरा, गोडादरा, रामनगर और उधना-मगदल्ला रोड क्षेत्रों से संबंधित हैं। सूरत शहर में कोरोना धीरे-धीरे वापस अपने पैर पसारने लगा है, हालांकि अब तक किसी भी तरह की नई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है।

गुरुवार को 4 नए पॉजिटिव केस दर्ज किए गए

गुरुवार को 4 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इसके साथ ही सूरत शहर में इस सप्ताह कुल 9 कोरोना केस हो गए हैं। महापौर दक्षेश मावाणी ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्कता बरतने और सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और मास्क अनिवार्य रूप से पहनने की अपील की गई है।

पहला मरीज:

75 वर्षीय पुरुष, निवासी सगरामपुरा, जो सेवानिवृत्त हैं। वे वर्तमान में होम आइसोलेशन में हैं और उनकी तबीयत स्थिर है। उनके संपर्क में आए परिवार के किसी सदस्य को अभी कोई तकलीफ नहीं है।

दूसरा मरीज:

60 वर्षीय महिला, निवासी गोडादरा, जो गृहिणी हैं। वे 18 मई, 2025 को अमरेली से सूरत लौटी थीं और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे भी होम आइसोलेशन में हैं और उनकी तबीयत स्थिर है। उनके परिवार के 6 सदस्यों में से किसी को कोई लक्षण नहीं हैं।

तीसरा मरीज:

44 वर्षीय पुरुष, निवासी रामनगर, जो निजी व्यवसाय करते हैं। वे भी होम आइसोलेशन में हैं और उनकी तबीयत स्थिर है। उनके परिवार के 4 सदस्य स्वस्थ हैं।

चौथा मरीज:

61 वर्षीय महिला, निवासी उधना-मगदल्ला रोड, जो गृहिणी हैं। वे 24 मई, 2025 को इंदौर से सूरत लौटी थीं और उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे होम आइसोलेशन में हैं और उनकी तबीयत भी स्थिर है। उनके परिवार के 4 अन्य सदस्यों में कोई तकलीफ नहीं है।

नोट : चारों मरीजों के सैंपल सरकारी गाइडलाइन के अनुसार जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए GBRC, गांधीनगर भेजे गए हैं।

ये है कोविड-19 के सामान्य लक्षण

कोविड-19 के सामान्य लक्षणों में मुख्य रूप से बुखार, खांसी (सूखी या बलगम के साथ), गले में खराश, थकान, शरीर में दर्द और सिरदर्द शामिल हैं। इसके साथ ही कभी-कभी सर्दी, बहती नाक, स्वाद या गंध का न आना जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। ये लक्षण अक्सर सामान्य सर्दी जैसे ही हो सकते हैं और व्यक्ति से व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं। गंभीर मामलों में सांस लेने में कठिनाई एक प्रमुख चेतावनी संकेत होता है। यदि आपको उपरोक्त में से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो आपको तुरंत निकटतम नगरपालिका क्लिनिक, अस्पताल या अपने पारिवारिक डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।