युद्ध जैसे हालात... शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स में 800 से अधिक अंकों की गिरावट, निफ्टी भी लुढ़का
भारत-पाकिस्तान के युद्ध जैसे हालात के बीच भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई है। कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन, आज 9 मई शुक्रवार को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। बंद होते समय सेंसेक्स 880.34 अंक या 1.10% गिरकर 79,454.47 पर और निफ्टी 265.80 अंक या 1.10% गिरकर 24,008.00 पर बंद हुआ।
लगभग 1,336 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,372 शेयरों में गिरावट और 148 शेयर अपरिवर्तित रहे। बीएसई मिडकैप इंडेक्स सपाट बंद हुआ, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.3% गिरा।
आज 52 शेयरों ने 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि 190 शेयरों ने 52 हफ्तों का निचला स्तर छू लिया। कुल 119 शेयर अपर सर्किट पर पहुंचे, जबकि 299 शेयर लोअर सर्किट पर बंद हुए।
शुरुआती ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स में लिस्टेड कंपनियों में टॉप गेनर्स में टाइटन कंपनी, लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी), टाटा मोटर्स, एसबीआई और एशियन पेंट्स शामिल थे। वहीं टॉप लूजर्स में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक और अदाणी पोर्ट्स रहे।
निफ्टी में आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड कॉर्प, अल्ट्राटेक सीमेंट, श्रीराम फाइनेंस और ग्रासिम इंडस्ट्रीज़ में सबसे अधिक गिरावट देखी गई, जबकि टाइटन कंपनी, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और हीरो मोटोकॉर्प के शेयरों में बढ़त रही।
क्षेत्रीय स्तर पर, रियल्टी इंडेक्स में 2.3% की गिरावट रही, प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.3% गिरा, जबकि मीडिया, कंज़्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स और पीएसयू बैंक इंडेक्स में 0.9% से 1.6% की बढ़त दर्ज की गई। शेयर बाजार में इस गिरावट के चलते निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।