पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात योग गुरु स्वामी शिवानंद का निधन, वाराणसी में ली अंतिम सांस

पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात योग गुरु स्वामी शिवानंद का निधन, वाराणसी में ली अंतिम सांस
Kapil Mishra JHBNEWS टीम,सूरत 2025-05-04 12:50:31

वाराणसी के पद्मश्री योग गुरु शिवानंद बाबा का 128 वर्ष की उम्र में शनिवार रात निधन हो गया. सांस लेने में दिक्कत के कारण उन्हें बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाबा शिवानंद ने पूरे जीवन योग साधना, सादा जीवन और ब्रह्मचर्य का पालन किया था. 21 मार्च 2022 को उन्हे पद्म पुरस्कार पद्मश्री से सम्मानित किया गया था. अभी तक में पद्मश्री पाने वाले वे सबसे उम्रदराज इंसान थे.

बाबा शिवानंद के शिष्यों ने बताया कि अस्वस्थ होने के कारण उन्हें 30 अप्रैल को काशी हिंदू विश्वविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था और शनिवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली। बाबा योग गुरु का अंतिम संस्कार रविवार शाम को किया जाएगा। श्रद्धांजलि देने के लिए बाबा शिवानंद के पार्थिव शरीर को कबीरनगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर रखा गया है।


शिष्यों ने बताया कि वर्तमान में बांग्लादेश के श्रीहट्ट जिले में आठ अगस्त 1896 को शिवानंद का जन्म हुआ था और बाबा शिवानंद जब छह साल के थे तभी उनके माता-पिता की भूख के कारण मृत्यु हो गई थी।

पद्मश्री पुरस्कार पाने वाले देश की सबसे उम्रदराज शख्सियत स्वामी शिवानंद बाबा वाराणसी में दुर्गाकुंड के कबीरनगर के आश्रम में रहते थे। उनके साथ कुछ शिष्य भी रहा करते थे। इस आयु में भी वह निरंतर योगाभ्यास किया करते थे। वह तड़के उठने के बाद योग प्राणायाम के साथ ही औषधियों का सेवन किया करते थे। नित्य प्रतिदिन गीता पाठ और मां चंडी की स्तुति करते थे।