सूरत: बारडोली पुलिस को बड़ी सफलता, चेन स्नेचिंग गैंग गिरफ्तार

सूरत: बारडोली पुलिस को बड़ी सफलता, चेन स्नेचिंग गैंग गिरफ्तार
Shubham Pandey JHBNEWS टीम,सूरत 2025-03-05 20:55:42

सूरत जिले के बारडोली में चेन स्नेचिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात चेन स्नेचर और उसके साथियों को सूरत ग्रामीण जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कुल 4 आरोपियों को पकड़ा है और चेन स्नेचिंग के 5 मामले एवं वाहन चोरी के 2 मामले मिलाकर कुल 7 अपराधों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो चेन, चोरी की दो बाइक समेत कुल 5.09 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?

हाल ही में सूरत ग्रामीण जिले के बारडोली टाउन क्षेत्र में बाइक सवार नकाबपोश अज्ञात चेन स्नेचरों ने अलग-अलग इलाकों में सड़क पर चलते लोगों के गले से कीमती सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। इस घटना को लेकर बारडोली टाउन पुलिस स्टेशन में चेन स्नेचिंग के 5 मामले दर्ज किए गए थे।

इन अपराधों को सुलझाने और आरोपियों को पकड़ने के लिए बारडोली टाउन पुलिस, एलसीबी (लोकल क्राइम ब्रांच) और पैरोल फरलो स्क्वाड की 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने बारडोली से लेकर कडोदरा, पलसाणा, कामरेज, सूरत शहर तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

कैसे पकड़े गए आरोपी?

पुलिस जांच में सामने आया कि बारडोली टाउन में अलग-अलग इलाकों में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस चेन स्नेचिंग गिरोह का मास्टरमाइंड सूरत के डिंडोली इलाके का रहने वाला सोपानदेव उर्फ सागर पाटिल था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर यह वारदात की थी।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि जब ये आरोपी बाइक पर सवार होकर सोने की चेन बेचने अंकलेश्वर जा रहे थे, तभी पुलिस ने मोता हलधरू जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की और बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों का गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के दौरान उन्होंने बारडोली टाउन में 5 चेन स्नेचिंग और 2 बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।

गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन हैं?

1. चेन स्नेचर आरोपी: सोपानदेव उर्फ सागर सखाराम पाटिल (उम्र 30 वर्ष)

2. चेन स्नेचर आरोपी: योगेश उर्फ योगा आयर छगनभाई कलसरिया (उम्र 34 वर्ष)

3. चेन स्नेचर आरोपी: धर्मेश उर्फ छोटेर गंगाराम मारवाड़ी (उम्र 26 वर्ष)

4. मददगार आरोपी: वैभव विजयभाई तिवारी (उम्र 21 वर्ष)

पुलिस के अनुसार, आरोपी सोपानदेव उर्फ सागर सखाराम पाटिल और धर्मेश उर्फ छोटेर गंगाराम मारवाड़ी पहले भी चेन स्नेचिंग के मामलों में दोषी पाए गए थे। सूरत की अदालत ने दोनों आरोपियों को 7-7 साल की सजा और जुर्माना लगाया था।

कैसे दिया जाता था वारदात को अंजाम?

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सोपानदेव उर्फ सागर पाटिल हाल ही में जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से छूटने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चेन स्नेचिंग की योजना बनाई।

आरोपी बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे।

चेहरे पर कपड़ा बांधकर बारडोली और आसपास के इलाकों में घूमते थे।

चलते राहगीरों के गले से झपट्टा मारकर चेन छीनते और फरार हो जाते थे।

वारदात के बाद हलधरू (कड़ोदरा) इलाके के एक ऑटो रिक्शा चालक के कमरे में छिप जाते, वहां कपड़े बदलते और पुलिस को चकमा देने की कोशिश करते।

चोरी के सोने की चेन बेचकर जो पैसा मिलता, उसे सभी आरोपी आपस में बांट लेते और ऐश करते।

पुलिस ने क्या-क्या जप्त किया?

1. चोरी की गई सोने की चेन (1 नग) - कीमत ₹2,66,000/-

2. चोरी की गई सोने की चेन (1 नग) - कीमत ₹1,11,000/-

3. चोरी की गई बिना नंबर की होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल (1 नग) - कीमत ₹60,000/-

4. चोरी की गई बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (1 नग) - कीमत ₹45,000/-

5. आरोपियों से जब्त किए गए मोबाइल (5 नग) - कीमत ₹25,500/-

6. आरोपियों के पास से बरामद धारदार चाकू (2 नग) - कीमत ₹1,000/-

7. आरोपियों के पास से जब्त नकद रकम - ₹814/-

8. मोबाइल सिम कार्ड (1 नग) - कीमत ₹0/-

कुल जब्त संपत्ति: ₹5,09,314/-

पुलिस की आगे की कार्रवाई

सूरत ग्रामीण पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों ने सूरत शहर और अन्य जिलों में कितने और अपराध किए हैं।

पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से सूरत और आसपास के इलाकों में चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर काफी हद तक रोकथाम हो सकेगी।